मुजफ्फरनगर। कृषि कानून बिल को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन को मजबूत करने के लिए भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने यूपी के किसानों से आह्वान किया था। कि वह आंदोलन में पहुंचने के लिए चाहे अपनी खड़ी फसल को नष्ट कर दें, लेकिन आंदोलन में जरूर पहुंचे। इसी के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार को दिन निकलते ही खतौली थाना इलाके के भैसी गांव निवासी किसान गुड्डू चौधरी ने अपने ट्रैक्टर रुटरी (मशीन) से आधी तैयार हो चुकी 1 एकड़ मतलब 10 बीघा गेहूं की खेती को रुटरी चला कर नष्ट कर दिया। किसान गुड्डू चौधरी की माने तो गाजीपुर बॉर्डर पर हमारा आंदोलन चल रहा है और सरकार हमें आतंकवादी खालिस्तानी बता रही है, सरकार हमें हमारी फसलों का ठीक रेट नहीं दे पा रही है। इसी कारण हमने अपनी गेहूं की फसल को आज जोत दिया है। उन्होंने कहा की राकेश टिकैत का आह्वान था, इसलिए हमने अपनी फसल नष्ट कर दी। अब हम गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में जाएंगे।