बात निकाय चुनाव से पहले गठबंधन दलों में मचे सियासी घमासान और टिकट के लिए चल रहे खींचतान की, तो निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन की प्रकिया जारी है. और पहले चरण के नामांकन के लिए अब सिर्फ तीन दिन का ही वक्त बचा है. लेकिन, कई राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने कैंडिडेट भी फाइनल नहीं कर सके हैं. सपा ने सबसे पहले 9 नगर निगमों के मेयर प्रत्याशियों के टिकट फाइनल तो कर दिया है, लेकिन सूत्रों की माने, तो मेरठ और गाजियाबाद सीट से सपा की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोक दल अपना कैंडिडेट देना चाहता था. लेकिन, आरएलडी से बिना विमर्श के ही सपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए. उधर भाजपा में अब मेयर, नगर पंचायत और नगरपालिका को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है. उधर, भाजपा के सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने नगर पंचायत और नगरपालिका में 9-9 सीट मांग कर भाजपा की टेंशन बढ़ा दी है. वैसे उम्मीद जताई जा रही है कि आज देर शाम या कल तक भाजपा अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर देगी. लेकिन, उम्मीदवारों के ऐलान में हो रही देरी से ये भी साफ हो जाता है कि सियासी दलों में टिकट के लिए खींचतान जारी है.