सिवान में रविवार की सुबह ट्रक ने कोचिंग पढ़ने जा रही एक छात्रा को कुचल दिया जिससे छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस वाले की दौड़ा दौड़ा कर पिटाई की। घटना सिवान जिला के महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के हकाम हाईवे के पास की है जहां अनियंत्रित ट्रक ने एक छात्रा को कुचल दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृत छात्रा की पहचान महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के ओरमा निवासी सुरेंद्र सिंह की पुत्री हैप्पी कुमारी बताई जा रही है। घटना के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई और ट्रक को पकड़ कर आग के हवाले कर दिया। वही आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की जमकर पिटाई कर दी। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिस को लोग दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। आक्रोशित लोगों का कहना है कि हकाम हाईवे पर पुलिस द्वारा ट्रक वालों से अवैध वसूली की जा रही थी जिसके बाद पुलिस से बचने के लिए यह ट्रक भागने के क्रम में अनियंत्रित होकर छात्रा को कुचल दिया। इसके बाद पुलिस उस ट्रक ड्राइवर को बचाने का प्रयास करने लगे जिसके बाद भीड़ आक्रोशित हो गई और ट्रक को आग के हवाले कर दिया। वही पुलिस वाले की जमकर पिटाई करने लगे। घटना के बाद महादेवा ओपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से आक्रोशित भीड़ के चंगुल से पुलिस और ड्राइवर को छुड़ाया। महादेवा ओपी थाना अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, ड्राइवर को हिरासत में लिया गया हैं।