उत्तर प्रदेश के आगरा से साइबर ठग की तलाश में पहुंची पुलिस के हाथ आसानी से एक साइबर ठग लग गया। आगरा पुलिस ने जामताड़ा पुलिस के सहयोग से करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बगबेर गांव के हैदर अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने 25 लाख रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी की है। आगरा साइबर थाने के इंस्पेक्टर समय सिंह ने बताया कि हैदर ने यूपी के तीन लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया है। उसने मूलत:अमेठी के रहने वाले रिटायर्ड एएसआई रामसुंदर को पेंशन भुगतान के लिए केवाईसी अपडेट के नाम ठगी का शिकार बनाया और उनके खाते से 17 लाख रुपये किसी और अकाउंट पर ट्रांसफर कर लिया। जबकि, फिरोजबाद के रहने वाले सिपाही श्रीकृष्ण से 1.84 लाख रुपये और फतेहपुर सीकरी के रहने वाले फतेहबहादुर के खाते से 7 लाख रुपये उड़ा लिए। आगरा की पुलिस ने साइबर अपराधी हैदर को कोर्ट में पेशी के बाद रिमांड पर अपने साथ यूपी ले गया।