जयपुर में 2 बाइक पर ले जा रहे थे गांजा, 22 किलो गांजे के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार कानोता थाना पुलिस ने जिला पूर्व स्टेशल टीम की मदद से गुरुवार को दो बाइक पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित तस्करों के कब्जे से 22 किलोग्राम गांजा, दो बाइक व छह मोबाइल जब्त किए है। पुलिस फिलहाल आरोपितों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (ईस्ट) डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ तस्करी में आरोपित अविनास सांसी (22) निवासी सांसी बस्ती सांभर जयपुर, राजू सांसी (26) निवासी सांसी मोहल्ला मकराना नागौर, मनोज सांसी (26) निवासी मकराना नागौर और कमलेश सांसी (21) निवासी रामगंज अजमेर को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर रिंग रोड पुलिया के पास से बाइक सवार चार संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से मिले 22 किलो 300 ग्राम गांजे को जब्त किया गया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी में प्रयुक्त दोनों बाइक व तस्करों के पास मिले छह मोबाइल जब्त किए है। पुलिस आरोपितों से गांजे की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ कर रही है।