गाजियाबादः लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किए 6 लुटेरे

गाजियाबादः लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किए 6 लुटेरे

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में थाना टीला मोड़ पुलिस ने 6 अप्रैल को कोयल एंक्लेव में हुई लूट का खुलासा करते हुए 6 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लूटे गए 45 तार के बंडल, एक कैंटर, अवैध हथियार समेत 8 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक टीला मोड़ थाना इलाके के कोयल एंक्लेव में निर्माणाधीन मेट्रो बिल्डिंग में बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने हथियारों के बल पर चौकीदार को बंधक बनाकर बिजली के तारों के बंडल लूट लिए थे। जिसके खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। देर रात पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे लूटा हुआ माल, एक कैंटर और एक कार समेत अवैध हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ये जानने में जुट गई है कि इन आरोपियों के साथ और कोई आरोपी तो शामिल नहीं था... या फिर और कोई गिरोह तो इनके संपर्क में नहीं हैं।