देश में कोरोना से मौत का सिलसिला रूक नहीं रहा है. अब बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का निधन हो गया है. वह कोरोना संक्रमित थे और उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है. इससे पहले स्वास्थ्य विभाग में अतिरिक्त सचिव रवि शंकर चौधरी का कोरोना से निधन हो गया था. 1985 बैच के आईएएस अधिकारी रहे अरुण कुमार सिंह मुख्य सचिव से पहले बिहार के विकास आयुक्त थे. इसी साल उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया था. जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली.