वृंदावन: यमुना एक्सप्रेस वे मार्ग स्थित पानीगांव पुल से मंगलवार की सांय एक नवयुवक ने यमुना में छलांग लगा दी। यमुना के भारी जलस्तर के कारण युवक का कोई पता नही लग सका है। पुलिस गोताखोरो की मदद से युवक की तलाश में जुटी है। बताया जाता है कि पानीगांव पुल पर अपनी मोटरसाइकिल से पहुंचे एक युवक ने बाइक खड़ी करके सीधे यमुना मे छलांग लगा दी। राहगीर जब तक कुछ समझ पाते तब तक युवक गहरे पानी मे समा चुका था। युवक के यमुना में कूदने की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। बाइक में लगे बैग से युवक का आधारकार्ड व फोन मिला जिसके आधार पर उसकी पहचान अनित सारस्वत निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना का कारण पता नही लग सका है। यहाँ बताते चले कि पिछले मंगलवार को ही मांट निवासी एक युवक ने भी इसी पुल से यमुना में कूदकर अपनी जान गंवा दी थी। जिसका शव 48 घण्टे बाद मथुरा के गोकुल बैराज से बरामद हुआ था।