अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के वो 5 रिकॉर्ड जिनको तोड़ना किसी के बस की बात नहीं रिकॉर्ड बनना और रेकॉर्ड टूटना ऐसा तो क्रिकेट के खेल में आए दिन होता ही रहता है। सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों जैसा रिकॉर्ड भी खतरे में है। उनके कई बड़े रिकॉर्ड है जिसपर विराट कोहली अपना कब्ज़ा जमा सकते हैं और वो तेज़ी से उनकी ओर बढ़ भी रहे हैं। इसी तरह ऐसे बड़े रिकॉर्ड एक के बाद एक करके टूट रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी क्रिकेट के कई ऐसे रिकॉर्ड हैं जिसका टूटना लगभग नामुमकिन लगता है। आज हम आपको ऐसे ही 5 रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं। 5. एक टेस्ट में 19 विकेट जी हां आपने सही पढ़ा इंग्लैंड के गेंदबाज जिमी लेकर ने 1956 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच में 19 बल्लेबाजों को आउट किया था। ये एक कामाल का रिकॉर्ड था। वैसे उनके पारी में 10 विकेट के रिकॉर्ड की तो अनिल कुंबले ने बराबरी कर दी लेकिन मैच में 19 विकेट लेने के आसपास भी कोई नहीं पहुंचा है। और शायद पहुँचेगा भी नहीं। 4. टेस्ट में 99.94 का औसत टेस्ट क्रिकेट में अगर किसी बल्लेबाज का औसत 50 का होता है तो उसे काफी अच्छा बल्लेबाज माना जाता है। बल्कि ऐसे बल्लेबाज भी गिनती के ही हैं जिनका टेस्ट क्रिकेट में करियर औसत 50 या उससे ऊपर का है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने तो टेस्ट में 99.94 की औसत से रन बनाये हैं। ये रेकॉर्ड तो तोड़ना नामुमकिन है। वैसे अगर वह (डॉन ब्रैडमैन) अपने अंतिम टेस्ट पारी में 4 रन बना लेते तो उनका औसत 100 का होता, लेकिन वह बिना खाता खोले आउट हो गए। 3. 800 टेस्ट विकेट बल्लेबाजी की बात कर ही रहे हैं तो थोड़ी गेंदबाजी की भी कर लें। श्रीलंका के महान स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन ने टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट चटकाए हैं। उनके बाद इस सूची में शेन वार्न का नाम आता है। वार्न के नाम 708 विकेट दर्ज है। आजकल की क्रिकेट में खेल बल्लेबाजों की तरफ झुकता जा रहा है। ऐसे में 800 विकेट लेना लगभग नामुमकिन हो गया है। 2. सबसे ज्यादा टेस्ट मैच यूं तो सचिन के नाम कई रिकार्ड्स हैं लेकिन एक रिकॉर्ड ऐसा भी जिसको शायद विराट भी न तोड़ पाएं। दरअसल क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने अपना पहला टेस्ट 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था. वहीं अंतिम टेस्ट 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ। आज की क्रिकेट में किसी खिलाड़ी को 24 साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टिकना लगभग नामुमकिन ही है। 1. टेस्ट में नंबर 10 बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर 10 नम्बर की बात आती है तो कोई बल्लेबाजी की बात नहीं करता है लेकिन इंग्लैंड के खिलाड़ी वाल्टर रीड ने 1884 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 117 रन बनाये थे। आज इस रिकॉर्ड के बनने के 134 साल बाद भी यह नहीं टूट पाया है। तीन अन्य खिलाड़ियों ने नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक बनाया है लेकिन वह रीड का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।