सिटीचैनल न्यूज नेटवर्क उज्जैन। मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्कर तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहते हैं। मादक पदार्थों की तस्करी का एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें तस्कर गांजे की बड़ी खेप को डाक पार्सल के रूप में विशाखापट्टनम से राजस्थान के कोटा भेज रहे थे लेकिन इसी बीच आगर पुलिस कप्तान राकेश कुमार सगर को मुखबिर से टिप मिल गई। मुखबिर की सूचना पर उन्होंने सोयत कला पुलिस से चेकिंग लगाकर डाक पार्सल के रूप में गांजे से भरकर जा रहे एक कंटेनर को चेकिंग करवा कर बड़ी मात्रा में गाजा पकड़ लिया। बरामद किए गए गांजे की कीमत करीब एक करोड़ 57 लाख बताई जा रही है। वहीं इस मामले में डाक पार्सल कंटेनर को लेकर जा रहे ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया है।दरअसल आगर पुलिस कप्तान राकेश कुमार सगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर क्रमांक एमपी 09 जी जी 3674 में अवैध मादक पदार्थ विशाखापट्टनम से कोटा राजस्थान ले जाया जा रहा है यह कंटेनर आगर जिले की सीमा से होते हुए निकलेगा। इस पर उन्होंने आगर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों को सूचित कर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू करा दी। इस पर सोयत कला थाना पुलिस ने डाक पार्सल कन्टेनर के रूप में जा रहे कंटेनर को खुलवाकर तलाशी ली तोकंटेनर में 880 किलो गांजा के अलग अलग पार्सल भरे मिले। इस पर पुलिस ने तुरंत कंटेनर को बरामद कर ड्राइवर विष्णु प्रसाद पिता राम किशन डांगी निवासी खिजरपुर झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। पुलिस जांच कर रही है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप विशाखापट्टनम में कहाँ से आ रही थी और कहां जा रही थी।