दस वर्षीय मासूम से दुराचार, ग्राम पंचायत के मनोरंजन भवन में दिया घटना को अंजाम

दस वर्षीय मासूम से दुराचार, ग्राम पंचायत के मनोरंजन भवन में दिया घटना को अंजाम

जबेरा। पुलिस थाना क्षेत्र जबेरा के एक ग्राम में देर रात्रि एक मासूम 10 वर्षीय बच्ची को .एक आरोपी ने अपनी हवस का शिकार बना लिया। यह मासूम अपने घर के आंगन में दादी के साथ सो रही थी, तब अज्ञात आरोपी उसे सोते समय उठाकर ग्राम पंचायत के मनोरंजन भवन ले गया जहां उसके साथ दुराचार की घटना को अंजाम दिया। सुबह करीब 4 बजे जब मासूम खून से लथपथ घर पहुंची तब परिजनों को घटना की जानकारी लगी, इसके बाद मासूम को तुरंत ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल दमोह रिफर कर दिया। जिला अस्पताल में मासूम का इलाज जारी है। पीड़ित के परिजनों ने बताया की रात्रि करीब 3 बजे आरोपी घर में आया था और आंगन से मासूम को उठाकर ले गया था सुबह उन्हें घटना की जानकारी तब लगी जब बच्ची रोती हुई घर पहुंची। पीडिता ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे पंचायत भवन ले गया और चाकू दिखाकर उससे जबरदस्ती की वहीं पीडिता ने बताया कि वह आरोपी को पहचान जाएगी क्योंकि आरोपी 1 दिन पहले खेत पर कटाई कर रहे हार्वेस्टर में काम करते हुए मिला था। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया, जबेरा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस शर्मनाक घटना से सभी स्तब्ध हैं और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। जबेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष रुपेश सेन का कहना है कि इस तरह की घटना क्षेत्र में घटित होना शर्मनाक है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए।