फायरिंग केस में मुठभेड़, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार। शामली जनपद के तितरवाड़ा गांव में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25-25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपी—सावेज (निवासी तितरवाड़ा) और जुनैद (निवासी बरनावी)—को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने से घायल होने के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जड़ 31 दिसंबर और 5 जनवरी की रात से जुड़ी है। 31 दिसंबर को गांव तितरवाड़ा में सुफियान, सावेज और एक अज्ञात आरोपी ने सरवर पर तमंचे से फायर किया था, जिसमें सरवर के हाथ में गोली लगी थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सुफियान को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इसके बाद 5 जनवरी की रात हालात और बिगड़े, जब आधा दर्जन बदमाशों ने सरवर के मकान के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की। इस फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जाने लगीं। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तितरवाड़ा फायरिंग कांड के आरोपी कांधला रोड पर जहानपुरा पुलिया के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जैसे ही पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी आवेश उर्फ बिल्ली और नदीम बिहारी कार से कैराना की ओर फरार हो गए, जबकि सावेज और जुनैद जंगल की ओर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सावेज और जुनैद घायल होकर गिर पड़े। मौके से पुलिस ने दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपी फायरिंग की घटना के बाद से फरार थे और उन पर इनाम घोषित था। घायल बदमाशों का इलाज चल रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी तकनीकी जांच की जा रही है।