पुलिस को देख भागा नशे का सप्लायर, पीछा कर पकड़ा:खरीददार भी पुलिस के हाथ आया, 22KG डोडा पोस्त बरामद हुआ अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई की सूचना पर आरजीटी (रागेश्वरी गैस टर्मिनल) पुलिस ने दबिश देकर खरीददार व सप्लायर दोनों को गिरफ्तार किया है। सप्लायर डोडा पोस्त की सप्लाई देकर बोलेरो गाड़ी लेकर रवाना होने पर पुलिस ने पीछा करके धोरों से दबोच लिया। घर से 22 किलो डोडा पोस्त भी बरामद कर लिया है। मामला बाड़मेर जिले के आरजीटी नया नगर गांव का है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मईयों की ढाणी, नया नगर गांव में एक घर में अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई करने के लिए बोलेरो गाड़ी आई हुई है। आरजीटी थानाधिकारी ललित किशोर मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। घर के पास बने पशुओं के बाड़े के पास एक आदमी खड़ा है जिसके पास एक काले रंग का सूतली से बंधा एक कट्टा था। पुलिस को देख हड़बड़ाने लगा। पूछताछ में अपना नाम शैलाराम पुत्र भीमाराम बताया। वहीं कुछ ही दूरी पर एक बोलेरो ड्राइवर पुलिस को देखकर भागने लगा। शैलाराम से गाड़ी भगाने का कारण पूछा तो डोडा पोस्त की सप्लाई देना बताया। इस पर टीम में शामिल हेड कांस्टेबल ने शैलाराम को पकड़े लिया। वहीं थानाधिकारी मय टीम ने बोलेरो गाड़ी का पीछा किया। खडाली गांव में गाड़ी धोरों में फंस गई। ड्राइवर गाड़ी से नीचे उतरकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करके आरोपी मोहनलाल पुत्र मोटाराम निवासी देनलनगर खडाली को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद शैलाराम व मोहनलाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शैलाराम के घर से 22 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद कर लिया। आरजीटी थानाधिकारी ललित किशोर के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है।