जब महेंद्र सिंह धौनी ने विकेट के पीछे से केदार जाधव को 'मराठी' में दी सलाह महेंद्र सिंह धौनी मैदान में अपना 100 प्रतिशत झोंक देते हैं। चाहें बल्लेबाजी की बात हो तब या फिर विकेटकीपिंग की बात हो तब। अक्सर उन्हें विकेट के पीछे से गेंदबाजों को सलाह देते हुए देखा जाता है। उनकी सलाह भारतीय टीम के काम भी आती है। इसीलिए तो उनके 'क्रिकेटिंग सेंस' का लोहा दुनिया मानती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए पांचवें वनडे मैच में भी महेंद्र सिंह धौनी ने केदार जाधव को विकेट के पीछे से सलाह दी। उनकी आवाज स्टंप माइक में कैच कर ली। सबसे खास बात यह रही कि धौनी विकेट के पीछे से जाधव को मराठी में कुछ बोल रहे थे। वेलिंगटन में खेले गए पांचवें वनडे में न्यूजीलैंड की पारी का 39वां ओवर केदार जाधव कर रहे थे। महेंद्र सिंह धौनी ने इस दौरान विकेट के पीछे से चिल्लाकर केदार जाधव से मराठी में कहा, 'पुढे नाको भाऊ... घेऊन टाक...', जिसका हिंदी में मतलब होता है 'गेंद आगे मत डालो... आउट करो।' एमएस धौनी का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब पसंद भी कर रहे हैं। गौरतलब है कि केदार जाधव का गृहराज्य महाराष्ट्र है। वह मूलरूप से सोलापुर जिले के जाधववाड़ी के रहने वाले हैं। अत: उनकी मातृभाषी मराठी ही है।