दरभंगा प्रखंड निर्माण संघर्ष समिति शिवधारा की ओर से प्रोफ़ेसर मोहम्मद जाहिद रेजा की अध्यक्षता में विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को बाजार समिति के मुख्य द्वार पर धरना दिया गया। आंदोलनकारियों की मुख्य मांग शिवधारा प्रखंड की स्थापना, शिवधारा-मोहम्मदपुर पीडब्ल्यूडी सड़क का चौड़ीकरण एवं राष्ट्रीय उच्चपथ 57 पर बाजार समिति चौक पर ओवरब्रिज का निर्माण कराना शामिल है। बाजार समिति के मुख्य द्वार को बंद कर धरना देने के कारण बाजार समिति का कामकाज कई घंटों तक बाधित रहा। इस दौरान बाजार समिति के मुख्य द्वार के दोनों ओर गाड़ियों की कतार लगी हुई थी। दोलनकारियों का कहना था कि बाजार समिति चौक एनएच- 57 पर ओवरब्रिज नहीं होने के कारण हर सप्ताह कोई ना कोई दुर्घटना होती रहती है जिसमें अभी तक कई लोग अपनी जान गवा चुके हैं। शिवधारा-मोहम्मदपुर सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण हर समय जाम लगा रहता है। कई बार सड़क दुर्घटना भी हो चुकी है। वहीं 15 पंचायतों को मिलाकर शिवधारा प्रखंड बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति बिहार सरकार की मंत्रिमंडलीय समिति ने 30 नवंबर 2004 को दी थी। बावजूद अभी तक प्रखंड को धरातल पर स्थापित करने के लिए समुचित कार्रवाई नहीं की गई है। दोपहर बाद सदर बीडीओ विजय कुमार सौरभ एवं मब्बी ओपी प्रभारी मनीष कुमार से वार्ता के बाद धरना समाप्त हुआ। इसके बाद बाजार समिति का कामकाज सुचारू हुआ। धरना देने वालों में मुख्य रूप से मदन कुमार मंडल, मुहम्मद जमशेद आलम, पप्पू कुमार पासवान, मुहम्मद रिजवान, मुहम्मद आरसी, चंदन कुमार, सूर्य नारायण दास, कुशेश्वर महतो आदि शामिल थे। ज्ञात हो कि समिति की ओर से इससे पूर्व भी कई बार धरना दिया जा चुका है।