जींद में 8 एकड़ पंचायती जमीन का मामला; प्रशासन की टीम लौटी हरियाणा के जींद के नरवाना के गांव बडनपुर में कब्जा की गई जमीन पर प्रशासन की टीम शनिवार को कब्जा हटवाने पहुंची। लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने शुरू कर दिया। इसी बीच दो वृद्ध व्यक्तियों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। प्रशासनिक अमले ने कब्जा हटाने की कार्रवाई को रोक दिया। दोनों वृद्धों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि गांव बडनपुर में 8 एकड़ पंचायती जमीन है। इस पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा खेती की जाती है और कब्जा किया हुआ है। कब्जा हटवाने के लिए प्रशासन को शिकायत दी गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को डयूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार नरवाना सुरेंद्र के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जैसे ही टीम ने कब्जा हटवाने के लिए फसल की जुताई करनी शुरू की तो जमीन पर कब्जा करने वाले लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल की तैनाती के चलते वो ज्यादा विरोध नहीं कर सके। तभी कब्जाधारियों के रिश्तेदार इंद्र तथा बलराज ने संदिग्ध परिस्थितियों जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिस पर कब्जा कार्रवाई करने पहुंचे अमले ने कार्रवाई को रोक दिया। परिजनों द्वारा दोनों वृद्धों को नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया है। नायब तहसीलदार सुरेंद्र ने बताया कि पंचायती जमीन से कब्जा हटवाने के लिए कार्रवाई शुरू ही की थी कि दो वृद्धों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। फिलहाल कार्रवाई को रोक दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।