सोलन --- सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक नाइजीरियन को चिट्टा यानी हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरिया का व्यक्ति सोलन में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद से पुलिस ने उस पर पैनी नजर रखी हुई थी। जैसे ही पुलिस का शक पुख्ता हुआ तो उन्होंने तुरंत नाइजीरियन नशा तस्कर को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 25.48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए 42 वर्षीय आरोपी का नाम फ्रेंक ओबोह है और वह मूल रूप से अफ्रीका का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हेरोइन की यह खेप किसे बेचने के लिए सोलन आया था और कौन-कौन से व्यक्ति इसके संपर्क में हैं।