केदारनाथ में मास्टर प्लान के तहत आधारभूत संरचना और निर्माण कार्य किये जायेंगे। इस ओर देवस्थानम बोर्ड की समीक्षा बैठक में गुजरात के आर्किटेक्ट ने मास्टर प्लान का प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में तय किया गया कि मास्टर प्लान के अंतर्गत देवस्थानम बोर्ड के अति-आवश्यक आवासीय भवनों, रावल निवास, मुख्य पुजारी निवास सहित कई आवश्यक निर्माण के माड्यूल एक सप्ताह के अंदर प्रस्तुत कर दिये जाये। ताकि दो सप्ताह में इनकी डीपीआर बनाने का कार्य पूरा किया जा सके। यात्राकाल से पहले केदारनाथ में मास्टर प्लान के अंतर्गत देवस्थानम बोर्ड के निर्माण कार्यों शुरू करने को लेकर बोर्ड ने सहमति जताई। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कोविड काल में पर्यटन बढ़ाने को लेकर राज्य सरकार विशेष प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अवस्थापना सुविधाओं को लगातार बढ़ाया जा रहा है।