भागलपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान से मोक्ष प्राप्ति के साथ-साथ पापों का नाश होता है। हिन्दू धर्म में इस दिन का खासा महत्व है। आज इस विशेष मौके पर भागलपुर सहित पूरे प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा मनाई गई। और लोगों ने आस्था के सागर में डुबकी भी लगाई। इस दौरान पड़ोसी राज्य झारखंड के सीमावर्ती जिलों के अलावे कई राज्यों से भागलपुर के बरारी सीढ़ी घाट, हनुमान घाट, जहाज घाट, बूढ़ानाथ घाट सहित सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ उत्तरवाहिनी गंगा तट पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। लोगों ने गंगा स्नान के बाद भगवान विष्णु की आराधना की और मंदिरों में भी जाकर पूजा अर्चना के बाद इसके विशेष महत्व को भी बताया। हालांकि कोविड-19 के संक्रमण के खतरे को लोगों ने नकारते हुए गंगा स्नान से मुक्ति की बात कही। वहीं भीड़ को नियंत्रित एवं जाम से निजात के लिए विक्रमशीला सेतु से लेकर गंगा घाट तक सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम दिखाई दिया। इसको लेकर नौगछिया और भागलपुर पुलिस संयुक्त रूप से तत्पर दिखी।