बीजेपी की ममता के गढ़ में कमल खिलाने की तैयारी ज़ोरों पर है. लोकसभा चुनावों से पहले बीजेपी के बढ़े नेताओं के पश्चिम बंगाल दौरे शुरु हो गए हैं. अमित शाह के बाद आज पीएम मोदी पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मालदा दौरे के बाद पीएम मोदी आज सिलीगुड़ी जाएंगे. लोकसभा चुनावों से पहले राजनीति में कदम रखने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा आज भारत वापिस आ सकती है प्रियंका इन दिनों न्यूयॉर्क में हैं. प्रियंका को पूर्वी यूपी की कमान सौंपी गयी है और वो पार्टी की महासचिव भी बनायी गयी है लिहाजा वो फरवरी के पहले हफ्ते में कमान संभाल सकती हैं. संसदीय कार्यमंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए 31 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है. तोमर संसद के बजट सत्र के पहले दिन 31 जनवरी को शाम तीन बजे सभी दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए चर्चा करेंगे. संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शरू हो रहा है। पहले दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ इसकी शुरूआत होगी और बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा जोकि अंतरिम बजट होगा. गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हालचाल पूछने के बहाने तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी बिन बुलाए मेहमान की तरह 29 जनवरी को पर्रिकर के घर उनका हालचाल जानने के लिए पहुंचे थे जिसके बाद उन्होंने कहा कि पर्रिकर को राफेल की नई डील के बारे में कुछ भी मालूम नहीं था. लिहाजा परिकर ने राहुल के आरोपों पर उनकी शिष्टाचार भेंट पर ही सवाल खड़े कर दिये हैं और कहा है कि राहुल की मंशा पर शक होता है. पर्रिकर पैंक्रियाज की बीमारी से ग्रसित हैं. मनोहर पर्रिकर ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर कहा है कि आपसे मेरी बातचीत सिर्फ 5 मिनट ही हुई और उसमें ना तो राफेल का जिक्र हुआ और ना राफेल पर चर्चा हुई. पर्रिकर के बाद अमित शाह ने भी राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा है कि राहुल बीमार आदमी के नाम पर झूठ बोलकर फायदा लेने के लिए गंदी राजनीति कर रहे हैं. वीडियोकोन लोन मामले में icici बैंक की पूर्व प्रमुख चंदा कोचर की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. बैंक की ओर से की गई जांच में कोचर को आंतरिक आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. लिहाजा कंपनी ने उन्हें उनके पद से हटाने के साथ साथ पिछले नौ साल का बोनस वसूलेगी. बैंक ने वीडियोकॉन को 3250 करोड़ का कर्ज दिया था. कोचर ने इस फैसले पर अफसोस जताया है और कहा है कि उन्होंने बैंक की 34 सालों से सेवा की है और पेशेवर तौर पर लिए गए अपने सभी फैसलों पर उन्हें भरोसा है और सच्चाई सामने आएगी. कुंभ में चल रही साधु संतों की धर्म संसद में 21 फरवरी से राम मंदिर के निर्माण की नींव रखने का फैसला सुनाया है,स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा है कि बसंत पंचमी के बाद 10 फरवरी को प्रयागराज से अयोध्या तक साधु संत कूच करेंगे और अगर कोई शिलान्यास रोकने की कोशिश करेगा तो गोली खाने के लिए भी तैयार रहे. प्रयागराज में आज से विश्वहिंदू परिषद के दो दिवसीय धर्म संसद की शुरुआत होगी. धर्म संसद में लगभग 2 हजार संतो के शामिल होने की संभावना. राम मंदिर से जुड़ा प्रस्ताव धर्म संसद में पेश किया जा सकता है. rss प्रमुख मोहन भागवत भी इस समागम में शामिल हो सकते हैं. सरकार ने पीएचडी छात्रों को मिलने वाली रिसर्च फेलोशिप में 25-30 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए जूनियर रिसर्च फेलोशिप को बढ़ाकर 25 से 31 हजार सीनियर रिसर्च फेलोशिप को 28 से बढ़ाकर 35 हजार और सीनियर रिसर्च एसोसिएट्स की फेलोशिप बढ़ाकर 54 हजार प्रतिमाह कर दी है. बढ़ी हुई फेलोशिप जनवरी 2019 से लागू होगी. 1 फरवरी को दिल्ली में evm को लेकर महागठबंधन के नेताओं की बैठक होगी. बैठक में evm को लेकर आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हो सकती है. विपक्ष लगातार सरकार पर evm हैकिंग के आरोप लगा रहा है. 31 जनवरी और 4 फरवरी को उत्तराखंड सचिवालय में कार्य बहिष्कार पर रहने वाले सभी कर्मचारियों को सचिवालय में एंट्री नहीं मिलेगी. 31 जनवरी और 4 फरवरी को छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों को सचिवालय में नहीं घुसने दिया जाएगा. काम करने वाले कर्मचारियो की सुरक्षा के लिए पुख्ते इंतजाम किए जाएंगे.